लाल बत्ती
बत्ती लाल होने पे भी
जब युवक ने गाड़ी बढ़ाई
हवलदार ने जल्दी में
हवा में लाठी घुमाई ।
और गरजकर कहा
“सौ का पत्ता निकाल”
पर इससे पहले कि पर्ची कटती,
पीछे से आई एक कार
चमकते श्वेत रंग पे थी
एक बत्ती लाल सवार ।
ड्राईवर ने ब्रेक के बदले
जोर से हॉर्न बजाया
औ’ हवलदार ने डंडे की जगह
झट से सैल्यूट लगाया ।
जैसे ही वो कार निकली
हवलदार ने ली जोर की सांस
और युवक के चेहरे पे चिपके
प्रश्न चिह्न को गया पहचान ।
मुस्का कर युवक से
लाचार चेहरा ले कहा
“बेटे अगर करनी हो लाल बत्ती पार
तो घूमो लाल बत्ती गाड़ी पे सवार।“
Comments
Post new comment